राज्य बैडमिंटन चैंपियनशिप में लोहरदगा का जलवा, निशांत ने जीते दो खिताब
By Team orangehindi

साद खान उपविजेता, निशांत कुजूर और सत्यांश राज केशरी की जोड़ी बनी चैंपियन
लोहरदगा। राज्य स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में लोहरदगा के युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में लोहरदगा के खिलाड़ियों ने अलग-अलग वर्गों में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं।
अंडर-11 बालक एकल वर्ग में साद खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान हासिल किया। वहीं अंडर-13 बालक एकल वर्ग में निशांत कुजूर ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
निशांत कुजूर ने अंडर-13 बालक युगल वर्ग में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। सत्यांश राज केशरी के साथ उनकी जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की। इस तरह निशांत कुजूर ने प्रतियोगिता में दो खिताब जीतकर लोहरदगा की खेल प्रतिभा को राज्य स्तर पर पहचान दिलाई।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेलप्रेमियों और जिलेवासियों ने खुशी जताते हुए साद खान, निशांत कुजूर और सत्यांश राज केशरी को बधाई दी। खिलाड़ियों के प्रदर्शन को लोहरदगा में बैडमिंटन के बढ़ते स्तर और युवा प्रतिभाओं के लिए उत्साहजनक संकेत माना जा रहा है।