भोपाल में लोहरदगा के निशानेबाज सैफ अख्तर दिखाएंगे दम, धीरज साहू समेत कई लोगों ने दी शुभकामनाएं
By Team orangehindi

0755 इंडिया ओपन शूटिंग प्रतियोगिता में लेंगे हिस्सा, 10 मीटर एयर पिस्टल और 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में प्रदर्शन का मौका
लोहरदगा। जिले के उभरते निशानेबाज और बलदेव साहू महाविद्यालय के छात्र सैफ अख्तर भोपाल में आयोजित 0755 इंडिया ओपन शूटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे हैं। नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में मध्य प्रदेश स्टेट शूटिंग अकादमी में आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से निशानेबाज अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता 5 से 22 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित है।
सैफ अख्तर 10 मीटर एयर पिस्टल अथवा 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में हिस्सा लेकर अपने निशानेबाजी कौशल का प्रदर्शन करेंगे। प्री-नेशनल स्तर की इस प्रतियोगिता में भाग लेना उनके लिए अनुभव हासिल करने और अपनी तकनीक को बेहतर बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उनकी भागीदारी से लोहरदगा के खेल जगत में उत्साह है। खेल प्रेमियों को उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
लोहरदगा जिला शूटिंग क्लब के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने सैफ अख्तर को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शशि गुप्ता और विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।
सैफ के कोच सैयद अंसुब अयूब ने उन्हें एकाग्रता, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने निशानेबाजी में धैर्य और मानसिक संतुलन के महत्व पर जोर दिया।
जिले के खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि सैफ अख्तर अपने अभ्यास और मेहनत के दम पर बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उनकी इस भागीदारी को लोहरदगा में निशानेबाजी के विकास की दिशा में एक उत्साहजनक कदम माना जा रहा है।