दीपावली में जगमग हुआ लोहरदगा, आसमान में चमकी रोशनी, जमकर हुई आतिशबाजी
By Teem Lohardaga live

लोहरदगा। दीपों का पर्व दीपावली पूरे हर्षोल्लास के साथ लोहरदगा जिले में मनाया गया। शहर से लेकर गांवों तक दीपों की रोशनी और खुशियों की चमक बिखरी रही। घर-घर में दीपक, मोमबत्ती और रंगीन झालरों से सजे घरों ने पूरे जिले को रोशन कर दिया। शाम ढलते ही गलियां, चौक-चौराहे और मंदिर दीपों की कतारों से झिलमिला उठे।
लोगों ने परंपरा के अनुसार मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा के बाद मिठाइयों के साथ एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। बच्चों और युवाओं में आतिशबाजी को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया। रंग-बिरंगे पटाखों की चमक से रात का आसमान निखर उठा।
शहर के अपर बाजार, एमजी रोड, सुभाष चौक, कचहरी रोड, न्यू रोड और बड़ा तालाब क्षेत्र में दीपों की रोशनी और सजावट देखते ही बन रही थी। दीपावली के मौके पर बाजारों में दिनभर खरीदारी को लेकर रौनक बनी रही।
उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने जिलेवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “दीपों का यह पर्व हमारे जीवन से अंधकार मिटाकर ज्ञान, प्रेम और समृद्धि का प्रकाश फैलाए। आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ यह त्योहार मनाएं।
पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने लोगों से सुरक्षित तरीके से पटाखे जलाने और पर्यावरण की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि दीपावली को लेकर शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी दीपावली का उल्लास देखने लायक रहा। सेन्हा, भंडरा, कुडू, किस्को, पेशरार और कैरो जैसे प्रखंडों के गांवों में लोगों ने पारंपरिक ढंग से दीपावली मनाई। मिट्टी के दीयों की जगमगाहट से गांवों की चौपालें और मंदिर आंगन रोशन हो उठे। बच्चों ने पटाखे फोड़कर और रंगोली बनाकर त्योहार का आनंद लिया।
देर रात तक लोहरदगा शहर और गांवों की गलियां दीपों की रोशनी से जगमगाती रहीं। पूरा जिला प्रेम, भाईचारे और उल्लास से ओतप्रोत नजर आया।
