लोहरदगा की बेटी दक्षिता वत्स ने बढ़ाया जिले का मान
By Team orange hindi

NIFT के भव्य दीक्षांत समारोह में B.Des. की उपाधि से हुईं सम्मानित, विश्वकर्मा समाज ने जताई खुशी

लोहरदगा। प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर लोहरदगा की होनहार बेटी दक्षिता वत्स ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। राजधानी दिल्ली में आयोजित अखिल भारतीय NIFT दीक्षांत समारोह में दक्षिता वत्स को फैशन कम्युनिकेशन के क्षेत्र में B.Des. की उपाधि से अलंकृत किया गया। राष्ट्रपति एवं केंद्रीय मंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस समारोह में उपाधि प्राप्त करना दक्षिता के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि रही।
दक्षिता वत्स ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता एवं परिवार के सदस्यों को दिया है। उनकी सफलता से पिता दीपक कर्मकार, माता श्रीमती शीतल कर्मकार, दादाजी डी.सी. कर्मकार और भाई दीक्षांत आर्य सहित पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि से विश्वकर्मा समाज और लोहरदगा जिले के लोगों में भी हर्ष व्याप्त है।
शैक्षणिक उपलब्धि हासिल करने के बाद दक्षिता वर्तमान में दिल्ली-गुरुग्राम स्थित एक प्रतिष्ठित कंपनी में कार्यरत हैं। फैशन कम्युनिकेशन के क्षेत्र में अपने करियर को आगे बढ़ाते हुए वह अपनी प्रतिभा और कौशल के माध्यम से नई पहचान बना रही हैं।
दक्षिता के परिवार के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उनके भाई दीक्षांत आर्य भी वर्ष 2023 में मुंबई में आयोजित समारोह में NIFT की उपाधि प्राप्त कर चुके हैं। भाई-बहन की इस सफलता ने परिवार के साथ-साथ लोहरदगा के लिए भी गौरव का अवसर प्रदान किया है।
दक्षिता वत्स की सफलता पर लोहरदगा जिला विश्वकर्मा समाज ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। समाज के सचिव अमरेश कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि दक्षिता की उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि दक्षिता आने वाले दिनों में अपने कार्यक्षेत्र में और भी ऊंचाइयां हासिल करेंगी।