Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा की बेटी सुविज्ञा कुमारी अंडर-17 झारखंड महिला कबड्डी टीम की कोच नियुक्त

By Team Lohardaga live

Sport
कबड्डी टीम की नवनियुक्त कोच

नेशनल कैंप में दे रही प्रशिक्षण, SGFI राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का करेंगी मार्गदर्शन

लोहरदगा। जिले के लिए गौरव का विषय है कि लोहरदगा की बेटी सुविज्ञा कुमारी को कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड द्वारा अंडर-17 झारखंड महिला कबड्डी टीम का कोच नियुक्त किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी की लहर है।

सुविज्ञा कुमारी झारखंड स्टेट की टेक्निकल ऑफिशियल भी हैं और उन्होंने लोहरदगा का प्रतिनिधित्व करते हुए सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर नेशनल कबड्डी प्रतियोगिताओं में सहभागिता की है। खेल के क्षेत्र में उनके अनुभव और योगदान को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बताया गया कि खेलो झारखंड प्रतियोगिता के तहत खेलगांव में हुए जिला स्तरीय चयन के बाद राज्य के 24 जिलों से चयनित खिलाड़ी अंडर-17 नेशनल कैंप में शामिल हुए हैं। यह कैंप 5 दिसंबर से 20 दिसंबर तक बोकारो के चास में आयोजित किया जा रहा है, जहां सुविज्ञा कुमारी खिलाड़ियों को प्रशिक्षण प्रदान कर रही हैं। इस कैंप के दौरान 24 जिलों से आए खिलाड़ियों में से 12 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जो झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।

चयनित झारखंड अंडर-17 महिला कबड्डी टीम 23 दिसंबर को नेशनल SGFI कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए महाराष्ट्र के कोरमंथन रवाना होगी। यह प्रतियोगिता 24 दिसंबर से 28 दिसंबर तक आयोजित होगी, जिसके बाद टीम 29 दिसंबर को झारखंड लौटेगी। सुविज्ञा कुमारी 22 दिसंबर को खिलाड़ियों के साथ टीम कोच के रूप में महाराष्ट्र के लिए प्रस्थान करेंगी।

उनकी इस उपलब्धि पर उनके गुरु मदन मोहन पांडेय, रामस्वरूप प्रसाद, कोच प्रकाशित मिंज सहित खेल प्रेमियों और जिलेवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।