Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा की जल सहिया नीता लकड़ा अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा करेंगी जल संरक्षण की कहानी

By Team orangehindi

achievement
लोहरदगा की जल सहिया नीता लकड़ा अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा करेंगी जल संरक्षण की कहानी

इंटरनेशनल वाटर वीक-2026 में झारखंड का प्रतिनिधित्व, 23 सितंबर को भारत मंडपम में रखेंगी जमीनी अनुभव

A

लोहरदगा। जिले के सेरेंगहातू गांव की जल सहिया नीता लकड़ा जल संरक्षण और जल प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए अपने जमीनी कार्यों की सफलता की कहानी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा करेंगी। भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय की ओर से 22 से 26 सितंबर तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में इंडिया इंटरनेशनल वाटर वीक-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘जलवायु अनुकूल जल प्रबंधन’ रखी गई है।

नीता लकड़ा का चयन ग्रामीण स्तर पर जल संरक्षण, जल प्रबंधन और जनजागरूकता के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के अनुभव साझा करने के लिए किया गया है। वह 23 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में झारखंड के गांवों में जल संरक्षण को लेकर किए जा रहे प्रयासों और सामुदायिक भागीदारी से जुड़े अनुभव प्रस्तुत करेंगी।

स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के तहत जल सहियाएं ग्रामीण क्षेत्रों में जल एवं स्वच्छता संबंधी जागरूकता बढ़ाने के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ग्रामीणों को सोख्ता गड्ढे, नालियों, लीच पिट, वर्षा जल संचयन और ठोस-तरल कचरा प्रबंधन जैसी गतिविधियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

कार्यक्रम में नीता लकड़ा के साथ लोहरदगा के जिला समन्वयक, स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण परवेज आलम भी शामिल होंगे। वहीं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, झारखंड की अभियान निदेशक रंजीता हेम्ब्रम भी उपस्थित रहेंगी। विभागीय सचिव अबु इमरान और उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने नीता लकड़ा को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

और पढ़ें