Orange hindi lohardaga live

झारखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में लोहरदगा के सैफ अख्तर ने जीता गोल्ड

By Team Lohardaga live

Sport
झारखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में लोहरदगा के सैफ अख्तर ने जीता गोल्ड

22 फ्री पिस्टल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन, जिला राइफल एसोसिएशन ने दी बधाई

लोहरदगा। 16वीं झारखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में लोहरदगा जिला राइफल एसोसिएशन के प्रतिभाशाली निशानेबाज और बी.एस. कॉलेज के छात्र सैफ अख्तर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए .22, 50 मीटर फ्री पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर खेल जगत और जिला राइफल एसोसिएशन में खुशी का माहौल है।

29 जुलाई से 1 अगस्त तक पश्चिम बंगाल के आसनसोल में झारखंड स्टेट राइफल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों के निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। सैफ अख्तर ने सटीक निशानेबाजी, अनुशासन और लगातार अभ्यास के दम पर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

सैफ की सफलता में उनके कोच सैयद अंसूब अयूब के प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद लोहरदगा जिला राइफल एसोसिएशन ने खिलाड़ी और उनके कोच दोनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

लोहरदगा जिला राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि सैफ अख्तर की उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों की सफलता से लोहरदगा की पहचान खेल जगत में लगातार मजबूत हो रही है। यदि खिलाड़ियों को उचित संसाधन और मार्गदर्शन मिलता रहे तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं।

एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष निशीथ जायसवाल ने कहा कि सैफ अख्तर की सफलता जिले के युवा निशानेबाजों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि सैफ आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर लोहरदगा और झारखंड का नाम रोशन करेंगे।

जिला राइफल एसोसिएशन ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और प्रशिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन के कारण लोहरदगा में निशानेबाजी के क्षेत्र में नई प्रतिभाएं लगातार उभर रही हैं। सैफ अख्तर का स्वर्ण पदक इसी दिशा में जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

और पढ़ें