Orange hindi lohardaga live

झारखंड राज्यस्तरीय कराटे प्रतियोगिता में लोहरदगा का दमदार प्रदर्शन, 28 पदक जीतकर बना उपविजेता

By Team Orangehindi

Sport
झारखंड राज्यस्तरीय कराटे प्रतियोगिता में लोहरदगा का दमदार प्रदर्शन, 28 पदक जीतकर बना उपविजेता

पांच स्वर्ण सहित कुल 28 पदकों पर कब्जा, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों के चयन का रास्ता खुला

लोहरदगा। पलामू के डाल्टेनगंज स्थित जिला विद्यालय में 1 एवं 2 अगस्त 2026 को आयोजित झारखंड राज्यस्तरीय कराटे प्रतियोगिता में लोहरदगा जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण सहित कुल 28 पदक जीतकर जिले को उपविजेता बनने का गौरव दिलाया।

प्रतियोगिता में लोहरदगा जिले के सेंहा प्रखंड से 2, भंडरा से 3, लोहरदगा से 2, कुडू से 4 तथा कैरो प्रखंड से 7 खिलाड़ियों सहित कुल 16 कराटे खिलाड़ियों ने भाग लिया। सभी खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता में अंजली कुमारी, अनिषा उरांव और सुहाना परवीन ने एक-एक स्वर्ण एवं एक-एक रजत पदक जीता। पंचम उरांव ने एक स्वर्ण और एक कांस्य, जबकि कीर्ति टोप्पो ने एक स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सुनील कुमार, विष्णु कुमार और पूजा कुमारी ने दो-दो रजत पदक हासिल किए। वहीं सानवी, शिवानी, आरती और सिमरन ने एक-एक रजत एवं एक-एक कांस्य पदक जीता। सृष्टि कुमारी और रोशनी कुमारी ने दो-दो कांस्य पदक, जबकि श्वेता और पिंकी कुमारी ने एक-एक कांस्य पदक प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर पलामू के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) तथा पलामू जिला कराटे संघ के अध्यक्ष जितेंद्र झा ने लोहरदगा टीम के कोच अमित कुमार सिंह और कराटे प्रशिक्षिका आकृति लोहरा को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उपविजेता ट्रॉफी भी प्रदान की गई।

कोच अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए किया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय है।

लोहरदगा के शानदार प्रदर्शन पर जिला प्रशासन, खेल प्रेमियों और जिलेवासियों ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधन को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

और पढ़ें