Orange hindi lohardaga live

दार्जिलिंग में लोकसभा की याचिका समिति की बैठक, सांसद सुखदेव भगत हुए शामिल

By Team Lohardaga live

political
A

जनहित से जुड़े मामलों और नागरिकों की याचिकाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

लोहरदगा/दार्जिलिंग। दार्जिलिंग स्थित चिया ताज कुटीर में लोकसभा की याचिका संबंधी संसदीय समिति की उच्च स्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में समिति के सदस्य एवं लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत शामिल हुए। इस दौरान आम जनता से प्राप्त याचिकाओं और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के बाद सांसद सुखदेव भगत ने बताया कि संसदीय याचिका समिति मुख्य रूप से ऐसे मामलों पर विचार करती है, जो केंद्र या राज्य सरकार के कार्यक्षेत्र से जुड़े हों तथा जिनके समाधान के लिए कोई वैकल्पिक कानूनी या न्यायिक मंच उपलब्ध न हो। उन्होंने कहा कि समिति आम नागरिकों की समस्याओं और मांगों को सीधे संसद एवं संबंधित मंत्रालयों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने बताया कि समिति जनता द्वारा भेजी गई याचिकाओं, शिकायतों तथा जनहित के मामलों की गहन जांच करती है। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित मंत्रालयों एवं विभागों से रिपोर्ट और आवश्यक जानकारी भी प्राप्त की जाती है। तथ्यों और साक्ष्यों के परीक्षण के बाद समिति संबंधित विभागों को आवश्यक अनुशंसाएं भेजती है, ताकि समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

सांसद ने कहा कि संसदीय समितियां शासन और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करती हैं तथा नागरिकों की आवाज को प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

बैठक में समिति के अन्य सदस्यों के अलावा विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।