Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में फुटबॉल का महाकुंभ शुरू, लोहरदगा प्रीमियर लीग का सांसद सुखदेव भगत ने किया उद्घाटन

By Teem Lohardaga live

Sport
खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते सांसद ,डीसी व एसपी
फुटबॉल मैच खेलते खिलाड़ी

लोहरदगा। लोहरदगा फुटबॉल इतिहास के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा। पहली बार आयोजित हो रही ‘लोहरदगा प्रीमियर लीग’ का भव्य उद्घाटन सांसद सुखदेव भगत ने किया। उद्घाटन के अवसर पर उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी सहित जिले के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा हजारों दर्शक मौजूद रहे। विदेशी खिलाड़ियों की मौजूदगी ने उद्घाटन समारोह को और भी आकर्षक बना दिया और दर्शकों में उत्साह चरम पर रहा।

जिला फुटबॉल संघ के तत्वावधान में आयोजित इस लीग में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी स्थानीय प्रतिभाओं के साथ मैदान में उतरेंगे। उद्घाटन मैच सेन्हा स्टॉलियंस और कैरो काइनेटिक के बीच खेला जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक पहले हाफ के समाप्ति पर दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। सभी मैच डे-नाइट प्रारूप में खेले जाएंगे।

8 टीमों के बीच होगा रोमांच

लोहरदगा लायन, सेन्हा स्टॉलियंस, भंडरा बुल्स, कैरो काइनेटिक, टाउन टाइटंस, पेशरार पैंथर्स, किस्को किंग्स और कूडू नाइट्स सहित कुल आठ टीमें लीग में भाग ले रही हैं। जिला स्तर पर फुटबॉल को नई दिशा देने के उद्देश्य से यह आयोजन एक बड़ा मंच माना जा रहा है।

लीग स्थानीय प्रतिभाओं को बड़ा मंच देगा

आयोजन समिति के संयोजक अभिनव सिद्धार्थ भगत ने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को ऐसा प्लेटफॉर्म देना है, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकें। दर्शकों के लिए भी यह टूर्नामेंट यादगार अनुभव होगा।

युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा: सुखदेव भगत

सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि लोहरदगा के युवाओं के लिए यह आयोजन एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इसे और बड़े स्तर पर आयोजित करने का प्रयास होगा ताकि श्रेष्ठ खिलाड़ियों को और बेहतर अवसर मिले। उन्होंने दर्शकों से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

डीसी ने कहा कि इससे नई प्रतिभाएं सामने आएंगी

उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद ने कहा कि फुटबॉल लोहरदगा के लोगों के जीवन से जुड़ा खेल है। लोहरदगा प्रीमियर लीग का आयोजन उत्कृष्ट पहल है और इससे नई प्रतिभाएं उभरकर आएंगी। आगे झारखंड प्रीमियर लीग जैसे बड़े आयोजन की भी उम्मीद है।

झारखंडी संस्कृति ने मन मोहा

उद्घाटन समारोह से पूर्व अतिथियों और खिलाड़ियों का पारंपरिक झारखंडी संस्कृति, वेशभूषा, रीति-रिवाज और नृत्य-गीत से स्वागत किया गया जो समारोह का मुख्य आकर्षण रहा।