लोहरदगा में बड़ा रेल हादसा टला, कोयल नदी पुल का पिलर क्षतिग्रस्त
By Team Lohardaga live

समय रहते रोकी गई मेमो ट्रेन, 7 जनवरी तक लोहरदगा से रेल परिचालन बंद
लोहरदगा। लोहरदगा जिले में रविवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। लोहरदगा रेलवे स्टेशन के समीप कोयल नदी पर बने रेलवे पुल का एक पिलर क्षतिग्रस्त पाए जाने से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। रांची से लोहरदगा होते हुए चंदवा-टोरी जा रही मेमो पैसेंजर ट्रेन को पुल से पहले ही रोक दिया गया, जिससे सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई।
बताया जाता है कि रांची से सुबह करीब 9 बजे रवाना हुई मेमो ट्रेन संख्या 68027 के लोहरदगा पहुंचने से कुछ ही मिनट पहले रेलवे कर्मियों को पुल के पिलर में क्षति की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को कोयल नदी पुल के गाटर के पास रोक दिया।
उस समय ट्रेन में अन्य दिनों की अपेक्षा काफी भीड़ थी। अचानक ट्रेन रुकने और पुल के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रियों को रेलवे ट्रैक के सहारे पुल पार कर अपने-अपने गंतव्य की ओर भेजा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के इंजीनियर और तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त पिलर की मरम्मत कार्य में जुट गए। एहतियातन रविवार को लोहरदगा से चलने वाली सभी ट्रेनों का परिचालन बंद कर दिया गया है। रेलवे प्रशासन के अनुसार 7 जनवरी तक लोहरदगा स्टेशन से ट्रेनों का आवागमन स्थगित रहेगा।
हालांकि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन नगजुवा स्टेशन से रांची तथा रांची से नगजुवा स्टेशन तक किया जाएगा।
