देशभक्ति और राष्ट्रसेवा को जीवन का लक्ष्य बनाएं: आदित्य साहू
By Team Lohardaga live

कुड़ू में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का छात्र संवाद, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर दिया जोर
लोहरदगा। भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू ने गुरुवार को कुड़ू प्रखंड स्थित अभिराम बीएड कॉलेज, टीको में आयोजित छात्र संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन और योगदान पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
आदित्य साहू ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन देशभक्ति, शिक्षा और राष्ट्रसेवा का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देशहित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विभिन्न क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोच्च मानते हुए संगठन और समाज के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ सामाजिक दायित्वों के प्रति भी सजग रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने टाटी चौक स्थित अमर सेनानी विश्राम टाना भगत तथा छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने कारगिल युद्ध के वीर सैनिक बिरसा उरांव तथा वर्ष 1971 के भारत-पाक युद्ध में शामिल रहे पूर्व सैनिक जोधन महतो से उनके आवास पर मुलाकात कर उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
छात्र संवाद के बाद कुड़ू स्थित संजय ढाबा परिसर में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक हुई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन विस्तार, बूथ सशक्तीकरण, केंद्र सरकार की योजनाओं और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया तथा विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारियों से संगठनात्मक गतिविधियों और स्थानीय जनसमस्याओं पर चर्चा की।
जिलाध्यक्ष अजय कुमार पंकज ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का राजनीतिक सफर बूथ स्तर से शुरू हुआ है, जो कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की मजबूती से भाजपा आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
कार्यक्रम के दौरान आजसू पार्टी के पूर्व जिला प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी रामचंद्र गिरि, जिला मंत्री संगीता देवी, पूर्व कांग्रेसी कार्यकर्ता मुकेश कुमार सहित कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री अमित सिंह, सरोज सिंह, मनीर उरांव, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष विप्लव अजातशत्रु, नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव, अभिराम बीएड कॉलेज के सचिव इंद्रजीत भारती सहित भाजपा के जिला, मंडल एवं मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
