Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में राजद को मजबूत करने की जिम्मेदारी मनोज पाण्डेय और रामकुमार यादव को

By Team orangehindi

political

पंचायत से जिला स्तर तक संगठन विस्तार पर रहेगा जोर, सुनील मेहता ने जताया भरोसा

लोहरदगा। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने झारखंड में संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने की दिशा में लोहरदगा जिले के लिए मनोज कुमार पाण्डेय और रामकुमार यादव को जिला प्रभारी नियुक्त किया है। प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने दोनों नेताओं को यह जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी के इस फैसले को जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।

नियुक्ति पर राजद के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुनील कुमार मेहता ने दोनों नवनियुक्त जिला प्रभारियों को बधाई देते हुए उनका स्वागत किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों नेताओं के अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से जिले में पार्टी को नई मजबूती मिलेगी।

सुनील मेहता ने कहा कि राजद का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन का विस्तार करना और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। इसके साथ ही आम जनता की समस्याओं को लेकर संघर्ष तेज करने पर भी जोर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राजद सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और गरीबों, वंचितों, दलितों, पिछड़ों तथा अल्पसंख्यकों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की विचारधारा और तेजस्वी प्रसाद यादव के संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की।

सुनील मेहता ने विश्वास जताया कि नई जिम्मेदारी मिलने से लोहरदगा में राजद का संगठन मजबूत होगा और पार्टी की गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।

और पढ़ें