एक लाख रुपये का इनामी माओवादी राजन असुर गिरफ्तार, हथियार बरामद
By Team Lohardaga live

लोहरदगा में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता
लोहरदगा। नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने शनिवार को एक महत्वपूर्ण कामयाबी हासिल की। कुडू थाना पुलिस ने भाकपा माओवादी संगठन के सक्रिय सदस्य और एक लाख रुपये के इनामी नक्सली राजन असुर उर्फ राजन खेरवार को चुल्हापानी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार नक्सली कुख्यात 15 लाख रुपये के इनामी माओवादी रविंद्र गंझू दस्ता का सदस्य बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा और 8 एमएम के 10 जिंदा कारतूस बरामद किए।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राजन असुर लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के हेसला से होते हुए कुडू इलाके में अवैध हथियार के साथ संगठन विस्तार की गतिविधियों में जुटा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया और इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, राजन असुर के खिलाफ विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से वांछित था और संगठन के लिए हथियार सप्लाई, नए सदस्यों की भर्ती तथा क्षेत्रीय विस्तार में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
एसपी सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों पर रोक लगेगी और अन्य नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान और तेज किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थानीय जनता में राहत और भरोसा बढ़ा है। साथ ही लोगों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि नक्सल उन्मूलन अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।
