नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल लुटा नगद सहित लाखों के जवेरात
By Team lohardaga live

घटना भंडरा थाना क्षेत्र के कोटा गांव का, घटना के बाद जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस
लोहरदगा भंडरा। जिले के भंडरा थाना क्षेत्र से महज पांच किलोमीटर दूर मुख्य पथ पर स्थित कोटा गांव में बीती रात हथियारबंद नकाबपोशों ने एक घर में धावा बोलकर नगद रुपये, जेवरात और वर्तन सहित लाखों की लूट की घटना को अंजाम दिया। सूचना मिलने के बाद भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर स्वजनों का बयान लेते हुए मामले की पड़ताल में जुट गई है। इस संबंध में पीड़ित दशरथ उरांव ने बताया कि घटना रविवार की देर रात करीब 1:30 बजे की है। परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो चुके थे, तभी दरवाजा खुलने की आवाज आई। दशरथ उरांव ने बताया कि वह जैसे ही बाहर निकले, कुछ नकाबपोश हथियार से लैस युवक घर में घुस आए। उन्होंने विरोध करने पर उनके कनपटी पर हथियार सटा दिया और जान से मारने की धमकी दी।
लुटेरों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और दशरथ उरांव व उनकी पत्नी के हाथ बांध दिए, जबकि ऊपर सो रही बेटियों को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद चारों नकाबपोश बेडरूम में रखे गोदरेज और बक्सा को तोड़कर करीब एक लाख रुपये नकद, लाखों के सोने-चांदी के जेवर, काशा के बर्तन और किराना दुकान से पेट्रोल के 10 लीटर डिब्बे तक लूट ले गए। इधर दशरथ उरांव ने बताया कि कुछ दिन पहले घर के काम के लिए बैंक से 60 हजार रुपये निकाले थे, जबकि 40 हजार रुपये दुकान की रकम थी। घटना के समय घर में पति-पत्नी और उनकी दो बेटियां ही मौजूद थीं। घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में है। इधर इस मामले में भंडरा थाना प्रभारी रवि रंजन कुमार ने बताया कि पीड़ित की ओर से चोरी का मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जायेगा।
