लोहरदगा में मिस्सा पूजा, शोभायात्रा और नाटक मंचन का हुआ आयोजन
By Team Lohardaga live

ख्रीस्त राजा पर्व धूमधाम से मनाया गया
लोहरदगा। ख्रीस्त राजा पर्व के अवसर पर पतराटोली स्थित संत बेर्नादेत रोमन कैथोलिक चर्च सहित जिले के विभिन्न चर्चों और आराधनालयों में रविवार को विशेष प्रार्थना, मिस्सा पूजा और भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में मसीही समुदाय के लोगों ने इसमें भाग लिया।
आरसी चर्च पतराटोली में सुबह 8 बजे मिस्सा अनुष्ठान संपन्न कराया गया। अनुष्ठान का नेतृत्व पल्ली पुरोहित फा. बीरेंद्र खलखो ने किया। उनके साथ फा. सुरेश आइंद, फा. दानियल कंडुलना, फा. अजय सोरेंग, फा. विनय केरकेट्टा, फा. सुशील, सिस्टर मजेला, सिस्टर आशा सहित अन्य धर्मगुरु उपस्थित थे।
इस अवसर पर फा. बीरेंद्र खलखो ने कहा कि ख्रीस्त सारे संसार के सच्चे राजा हैं और उनका राज्य प्रेम, न्याय और करुणा पर आधारित है। उन्होंने विश्वासियों से आग्रह किया कि वे ख्रीस्त की शिक्षाओं का पालन कर समाज में शांति व सद्भाव फैलाएँ। उन्होंने कहा कि गौशाले में जन्म लेकर ख्रीस्त ने विनम्रता का आदर्श दिया और अपने पुनरुत्थान के माध्यम से मानवता को ईश्वरीय कृपा प्रदान की।
फा. सुशील तिर्की ने ख्रीस्त को राजाओं का राजा बताया, वहीं फा. शिशिर सोरेन ने कहा कि ख्रीस्त का राज सत्य और मार्गदर्शन का प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की छात्राओं और धर्म बहनों ने भक्ति गीत प्रस्तुत किए। साथ ही नाटक मंचन कर ईसू मसीह के जीवन, कार्य और सच्चे मार्ग की जानकारी दी गई। विश्वासियों ने इसे येसु मसीह के आगमन की तैयारी के रूप में मनाया।
मिस्सा पूजा के बाद एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह चर्च परिसर से शुरू होकर लोहरदगा–कुड़ू मुख्य पथ होते हुए ओयना पथ स्थित संत स्तानिसलास हाई स्कूल तक पहुंची। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में विश्वासी शामिल हुए।
कार्यक्रम की सफलता में कैथोलिक महिला संघ, युवा संघ और विभिन्न चर्च संगठनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कैथोलिक महासभा के अध्यक्ष संजय टोप्पो, उपाध्यक्ष नरेंद्र मिंज, रंजीत अजय किंडो, उपसचिव डोमिनिक एक्का, कोषाध्यक्ष कुलदीप किंडो, उप कोषाध्यक्ष अरुण कुजूर, सलाहकार सुजीत कुजूर, फ्रेडी कुजूर, राजू बर्नार्ड कुजूर, जॉर्ज कुजूर, अरविंद तिर्की, सुनील खाखा, अमित कुजूर, किशोर केरकेट्टा, अगुस्टिन टोप्नो, नीलम तिर्की, सुधा कुजूर, संगीता केरकेट्टा, रश्मि कुजूर, रूबी कुजूर, इसाबेल खाखा सहित संत अन्ना, संत उर्सुलाइन और संत कार्मल की धर्म बहनें भी मौजूद रहीं।
ख्रीस्त राजा पर्व पूरे श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ।
