Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में वन विभाग परिसर के टायर गोदाम में भीषण आग

By Teem Lohardaga live

incident
आग लगने के बाद उठता धुंआ

दमकल व वन कर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टला

लोहरदगा। जिले के शहरी क्षेत्र स्थित वन विभाग परिसर में पुराने टायर रखे गोदाम में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते लपटें तेज होती गईं और पूरे परिसर में अफरा–तफरी मच गई। घटना के समय खाली पड़ी जमीन से उठी आग जल्द ही बगल में रखे पुराने टायरों तक फैल गई, जिससे काला धुआं आसमान में छा गया। धुएं का गुबार इतना घना था कि एक किलोमीटर दूर से भी स्पष्ट दिखाई दे रहा था।

आग की लपटें रेंज ऑफिस की ओर बढ़ने लगीं तो वन कर्मियों में भी हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने तुरंत सुरक्षित स्थान की ओर जाकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। बताया गया कि समय रहते कंट्रोल नहीं किया जाता, तो वन विभाग द्वारा जब्त लाखों रुपये की बाइकें और लकड़ियां जलकर पूरी तरह नष्ट हो सकती थीं। मुख्य सड़क से गुजरने वाले लोग भी रुककर आग की स्थिति देखने लगे, जिससे सड़क पर भीड़ बढ़ गई और यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और दमकल विभाग मौके पर पहुंचा। दोनों टीमों ने संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया। आग बुझा दिए जाने से बड़ा नुकसान होने से बच गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है।