Orange hindi lohardaga live

एम .बी. डी.ए.वी. स्कूल में डांडिया की धूम, विद्यार्थियों ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा

By Team orangehindi

Education
एम .बी. डी.ए.वी. स्कूल में डांडिया की धूम, विद्यार्थियों ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा

महिषासुर मर्दिनी नृत्य-नाटिका ने मोहा मन, जूनियर में अथर्ववेद और सीनियर में यजुर्वेद सदन रहा अव्वल

लोहरदगा। शारदीय नवरात्र के उल्लास और सांस्कृतिक रंगों के बीच एम.बी. डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, लोहरदगा में डांडिया नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्राचार्या प्रेरणा शंखधर के नेतृत्व एवं निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। कार्यक्रम का आयोजन सीसीए विभाग के अध्यक्ष सितेश कुमार पाठक एवं आरती कुमारी के सौजन्य से किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत संगीत शिक्षक श्रवण कुमार पाठक के निर्देशन में छात्राओं अभियुक्ता, सिद्धि और आराध्या द्वारा प्रस्तुत 'ऐ गिरी नंदिनी' गान से हुई। इसके बाद आरती कुमारी के निर्देशन में विद्यार्थियों ने महिषासुर मर्दिनी नृत्य-नाटिका प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच संचालन कक्षा 12वीं की छात्रा अन्वी और कक्षा 11वीं के छात्र सिद्धार्थ ने किया।

डांडिया प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने चारों सदनों ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद और अथर्ववेद की ओर से उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने नृत्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक पेश की। निर्णायकों ने वेशभूषा, गीत चयन, लय-ताल, भाव-भंगिमा और समूह के सदस्यों के बीच तालमेल के आधार पर प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।

प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में अथर्ववेद सदन की उन्नति एवं समूह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सीनियर वर्ग में यजुर्वेद सदन की सोनम एवं समूह विजेता रहा। विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों को शिक्षकों ने मार्गदर्शन दिया।

प्राचार्या प्रेरणा शंखधर ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने और भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में रचनात्मकता, अनुशासन, सामूहिकता और सहयोग की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम ने विद्यालय परिसर को नवरात्र के उत्सवी रंगों से सराबोर कर दिया। विद्यार्थियों के उत्साह और शानदार प्रस्तुतियों के साथ आयोजन यादगार बन गया।

और पढ़ें