एम.बी. डीएवी में सजी पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी, बच्चों ने दिखाई पाक-कला की प्रतिभा
By Team orangehindi

बिना आग जलाए तैयार किए स्वादिष्ट पकवान, स्वस्थ खानपान और स्वच्छता का दिया संदेश
लोहरदगा। एम.बी. डीएवी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, लोहरदगा में शनिवार को अग्निरहित खाद्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा तृतीय से षष्ठम तक के विद्यार्थियों ने बिना आग का इस्तेमाल किए स्वादिष्ट, पौष्टिक और आकर्षक व्यंजन तैयार कर अपनी रचनात्मकता और पाक-कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रधानाचार्या प्रेरणा शंखधर के नेतृत्व में आयोजित इस गतिविधि में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कक्षा तृतीय और चतुर्थ के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय के भूतल स्थित गलियारे, जबकि कक्षा पंचम और षष्ठम के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय परिसर के मैदान में प्रदर्शनी की व्यवस्था की गई थी। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और उनके प्रयासों की सराहना की।
प्रदर्शनी का उद्देश्य बच्चों में स्वस्थ खानपान की आदत विकसित करने के साथ पौष्टिक भोजन, स्वच्छता और सुरक्षित तरीके से खाद्य पदार्थ तैयार करने के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को भोजन के महत्त्व को समझने और उपलब्ध सामग्री का रचनात्मक उपयोग करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम ने बच्चों में आत्मविश्वास, नवाचार और सहयोग की भावना को बढ़ावा दिया। साथ ही, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूकता विकसित करने में भी यह गतिविधि उपयोगी साबित हुई।