छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर सुखदेव भगत और जरिता लैतफलांग की बैठक
By Team orangehindi

नई दिल्ली में AICC सचिव ने नवनियुक्त प्रभारी को दी शुभकामनाएं, जिला-ब्लॉक इकाइयों को सक्रिय करने पर जोर
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी एवं लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत से रविवार को नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव सह-प्रभारी जरिता लैतफलांग ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पुष्पगुच्छ भेंट कर प्रभारी का दायित्व संभालने पर सुखदेव भगत को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
बैठक में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिला एवं प्रखंड स्तर की कांग्रेस इकाइयों को अधिक सक्रिय बनाने, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई।
सुखदेव भगत ने कहा कि सभी नेता और कार्यकर्ता टीम भावना के साथ काम करते हुए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए सामूहिक प्रयास को आवश्यक बताया।
वहीं जरिता लैतफलांग ने कहा कि सुखदेव भगत के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि भगत झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और उन्हें संगठनात्मक कार्यों का लंबा अनुभव है।
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने संगठन को अनुशासित, सक्रिय और जनोन्मुखी बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर सहमति जताई।