Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा उपायुक्त की अध्यक्षता में भू-अर्जन से संबंधित बैठक, रैयतों को शीघ्र मुआवजा भुगतान का निर्देश

By Team Lohardaga live

Administrative
बैठक करते उपायुक्त व अन्य अधिकारी

लोहरदगा। उपायुक्त डॉ. ताराचंद की अध्यक्षता में शुक्रवार को भू-अर्जन से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनएच-143ए अंतर्गत लोहरदगा बाईपास तथा एनएच-75 अंतर्गत कुडू–उदयपुरा पथ परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि से संबंधित रैयतों के मुआवजा भुगतान की स्थिति पर विस्तार से समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने स्पष्ट अभिलेख वाले तथा सहमत रैयतों को शीघ्र मुआवजा भुगतान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन रैयतों की भूमि की मापी अभी लंबित है, उनकी मापी जल्द पूर्ण कर भुगतान की प्रक्रिया आरंभ की जाए। वहीं जिन रैयतों की भूमि मापी पूरी हो चुकी है, लेकिन भुगतान लंबित है, उनका भुगतान भी शीघ्र सुनिश्चित किया जाए।

डॉ. ताराचंद ने यह भी निर्देश दिया कि जो रैयत अब भी मुआवजे को लेकर असहमत हैं, उनके मामलों को भूमि अधिग्रहण न्यायालय में भेजे जाने हेतु आवश्यक अभिलेख तैयार किए जाएँ। साथ ही, सभी मौजा से अप्राप्त अभिलेखों को 15 दिनों के भीतर प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुण्डा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सुजाता कुजूर, कार्यपालक अभियंता (विद्युत), कार्यपालक अभियंता (पथ प्रमंडल), कार्यपालक अभियंता (राष्ट्रीय उच्च पथ) सहित अंचल अधिकारी सेन्हा, किस्को, कुडू एवं भंडारा उपस्थित थे।