Orange hindi lohardaga live

मेमू ट्रेन अब इरगांव तक, यात्रियों के लिए मुफ्त बस सेवा शुरू

By Team Lohardaga live

General
यात्रियों की सुविधा को लेकर रेलवे द्वारा शुरू की गई बस सेवा

कोयल नदी पुल का पिलर क्षतिग्रस्त, लोहरदगा–रांची रेल सेवा अस्थायी रूप से बंद

लोहरदगा। लोहरदगा–रांची–टोरी रेलवे लाइन पर लोहरदगा के समीप कोयल नदी पर स्थित रेलवे पुल का पिलर क्षतिग्रस्त पाए जाने के बाद इस रूट पर रेल परिचालन प्रभावित हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने फिलहाल इस मार्ग पर सभी ट्रेनों का संचालन स्थगित कर दिया है।

इस रेलखंड की जीवनरेखा मानी जाने वाली लोहरदगा–रांची मेमू ट्रेन अब लोहरदगा स्टेशन तक नहीं पहुंच रही है। वर्तमान में मेमू ट्रेन का संचालन लोहरदगा से एक स्टेशन पूर्व इरगांव स्टेशन तक ही किया जा रहा है।

यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए रेलवे प्रशासन द्वारा लोहरदगा स्टेशन से इरगांव स्टेशन तथा इरगांव स्टेशन से लोहरदगा स्टेशन तक मुफ्त बस सेवा शुरू की गई है। यह बस सेवा नियमित रूप से संचालित की जा रही है, जिससे यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिल सके।

इरगांव स्टेशन पर यात्रियों के लिए साफ-सफाई, पीने के पानी, शौचालय सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए 24 घंटे आरपीएफ की तैनाती की गई है। रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी भी लगातार स्टेशन पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

इस दौरान सीनियर डीसीएम सूची सिंह स्वयं मौके पर मौजूद रहीं। उन्होंने यात्रियों से संवाद किया, उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और मुफ्त बस सेवा के माध्यम से यात्रियों को रवाना किया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कोयल नदी पुल की तकनीकी जांच और मरम्मत का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। मरम्मत कार्य पूर्ण होने और पुल के सभी सुरक्षा मानकों पर खरा उतरने के बाद ही इस रूट पर ट्रेन परिचालन दोबारा शुरू किया जाएगा।