भंडरा में एलईडी वैन से पहुंचा कानून का संदेश, ग्रामीणों को बताए अधिकार
By Team orangehindi

निःशुल्क कानूनी सहायता से लेकर बाल विवाह, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध तक की दी गई जानकारी
लोहरदगा ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), लोहरदगा की ओर से भंडरा पंचायत भवन के समीप एलईडी वैन के माध्यम से विधिक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का आयोजन डालसा अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजकमल मिश्रा और सचिव मनोरंजन कुमार के मार्गदर्शन में किया गया।
इस दौरान पीएलवी सीमा कुमारी ने ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता, मौलिक अधिकार, बाल विवाह, घरेलू हिंसा, नशामुक्ति और साइबर अपराध जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। साथ ही सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया।
सीमा कुमारी ने कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए जरूरी है। जागरूकता के अभाव में कई लोग अपने अधिकारों और उपलब्ध कानूनी सुविधाओं का लाभ नहीं ले पाते हैं। अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और कानूनी सहायता की जानकारी पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि कानूनी समस्या होने पर पात्र व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को कानून से जुड़ी जानकारियां देकर जागरूक किया गया। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।