Orange hindi lohardaga live

मुंदो में टाटा मैजिक की चपेट में आने से अधेड़ की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

By Team orangehindi

Accident
मुंदो में टाटा मैजिक की चपेट में आने से अधेड़ की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

परिवार ने वाहन चालक पर जानबूझकर वाहन चढ़ाने का लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी

लोहरदगा। भंडरा प्रखंड के मुंदो गांव निवासी 58 वर्षीय जीतन साहू, पिता स्व. गोवर्धन साहू की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने इसे दुर्घटना नहीं, बल्कि साजिश के तहत की गई हत्या बताते हुए वाहन चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

परिजनों के अनुसार, जीतन साहू सड़क से कुछ दूरी पर एक पेड़ के नीचे बैठे थे। इसी दौरान गांव निवासी रवि साहू के टाटा मैजिक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। परिजनों का आरोप है कि वाहन के अगले पहिये से टक्कर लगने के बाद चालक ने वाहन आगे बढ़ाकर पीछे का पहिया भी जीतन साहू पर चढ़ा दिया। इससे उनके माथे पर गंभीर चोट लगी और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। सदर अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई।

परिजनों ने बताया कि रवि साहू के साथ पूर्व से कुछ विवाद चल रहा था और कथित तौर पर उसने देख लेने की धमकी भी दी थी। इसी आधार पर परिवार ने घटना को जानबूझकर की गई हत्या बताते हुए मामले की जांच की मांग की है।

घटना की सूचना मिलने पर लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत के पीए आलोक साहू सदर अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने सिविल सर्जन से जल्द पोस्टमार्टम कराने का आग्रह किया तथा पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से मिलने वाले सहायता लाभ दिलाने का प्रयास करने का आश्वासन दिया।

मृतक के पुत्र ने बताया कि वह जल्द ही भंडरा थाना में आवेदन देकर इरादतन हत्या के आरोप की जांच कराने और दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करेंगे। फिलहाल पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर ली है और मामले की जांच में जुटी है |

और पढ़ें