तालाब में नहाने गए अधेड़ की डूबने से मौत, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
By Team orangehindi
नगड़ा गांव में दोपहर की घटना, काफी देर तक बाहर नहीं आने पर ग्रामीणों को हुई जानकारी
कैरो/लोहरदगा। कैरो थाना क्षेत्र के नगड़ा गांव में बुधवार दोपहर तालाब में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से 50 वर्षीय एईता उरांव की मौत हो गई। मृतक नगड़ा गांव निवासी स्वर्गीय मंगरु उरांव के पुत्र थे।
जानकारी के अनुसार, एईता उरांव बुधवार दोपहर करीब 12 बजे गांव के तालाब में नहाने गए थे। नहाने के दौरान वे गहरे पानी में चले गए और काफी देर तक बाहर नहीं आए। इसके बाद तालाब में मौजूद लोगों ने आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे।
सूचना मिलने पर कैरो थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। एएसआई जमशेद खान ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बुधवार शाम करीब पांच बजे शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। मौके पर झारखंड राज्य दफादार चौकीदार पंचायत के जिला अध्यक्ष शमसूल अंसारी, मिथिलेश यादव समेत अन्य लोग मौजूद थे।