खनन संशोधन विधेयक से झारखंड को नुकसान होगा : सांसद सुखदेव भगत
By Team orange hindi

कांग्रेस सांसद ने कहा—राज्य के अधिकारों और संघीय ढांचे पर असर डालने वाला कदम
लोहरदगा। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक को लेकर प्रेस वार्ता की। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे।
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि प्रस्तावित संशोधन से झारखंड जैसे खनिज संपदा वाले राज्यों के अधिकार और राजस्व प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की जमीन, खनन से होने वाला प्रदूषण और विस्थापन यहां के लोगों को प्रभावित करता है, ऐसे मामलों में राज्यों की भूमिका और अधिकारों का संरक्षण जरूरी है।
उन्होंने कहा कि खनिज संसाधनों से जुड़े निर्णयों में राज्यों के अधिकारों को कमजोर करना संविधान के संघीय ढांचे के लिए उचित नहीं होगा। सांसद ने खनिजों पर सेस लगाने के अधिकार का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार से इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
सांसद ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित व्यवस्था का लाभ बड़े उद्योगों और पूंजीपतियों को पहुंच सकता है, जबकि राज्य को राजस्व का नुकसान और स्थानीय लोगों के अधिकार प्रभावित होने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को संसद से लेकर सड़क तक उठाएगी और झारखंड सरकार के साथ मिलकर राज्य के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कानूनी एवं लोकतांत्रिक कदम उठाएगी।