Orange hindi lohardaga live

जनसुनवाई में पहुंचे विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, लोगों की समस्याएं सुनीं

By Team Lohardaga live

political
A

बिजली, सड़क, पेयजल, आवास और राशन कार्ड से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश

लोहरदगा। पूर्व मंत्री सह स्थानीय विधायक एवं आंतरिक संसाधन एवं केंद्रीय सहायता समिति के सभापति डॉ. रामेश्वर उरांव ने शुक्रवार को बरवाटोली स्थित विधायक कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर आम लोगों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।

जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने बिजली, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, अबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड सहित विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन विधायक को सौंपे। डॉ. उरांव ने प्राप्त आवेदनों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से संपर्क कर समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की।

इस अवसर पर विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। साथ ही क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विकास एवं सामाजिक जरूरतों को पूरा करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विधायक निधि के माध्यम से भी क्षेत्र में आवश्यक विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं मजबूत हो सकें।

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, सहादत हुसैन, शामूल अंसारी, हाजी सिकंदर अंसारी, दीपक महतो, प्रमुख सुचित्रा भगत, युवा प्रदेश महासचिव विशाल डुंगडुंग, शंभु प्रजापति, अरशद अयूब, असलम अंसारी, प्रखंड अध्यक्ष यूनुस अंसारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।