Orange hindi lohardaga live

मनरेगा कानून समाप्त कर मोदी सरकार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का किया अपमान : सांसद सुखदेव भगत

By Team Lohardaga live

political
सांसद सुखदेव भगत

वीबी-राम जी बिल पर सोनिया गांधी के वीडियो संदेश पर सांसद की प्रतिक्रिया

लोहरदगा। लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद सुखदेव भगत ने वीबी-राम जी बिल पर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के वीडियो संदेश पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के पीछे सोनिया गांधी की सोच अत्यंत दूरदर्शी थी। यह योजना उन मजदूरों के लिए बनाई गई थी जो रोज़गार की तलाश में पलायन करने को मजबूर होते थे।

सांसद भगत ने कहा कि मनरेगा योजना का उद्देश्य ग्रामीण मजदूरों, ग्राम पंचायतों और गांव के गरीब व जरूरतमंद लोगों को उनके ही क्षेत्र में सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराना था। यह किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे देश की योजना थी, जिसने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दी।

उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा कानून मूल रूप से मांग आधारित था, लेकिन मोदी सरकार ने इसे सप्लाई आधारित बनाकर इसकी आत्मा को खत्म कर दिया है। वर्तमान सरकार ने मनरेगा कानून को कमजोर करते हुए उस पर बुलडोजर चला दिया है।

श्री भगत ने कहा कि मोदी सरकार के इस कदम से न केवल राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अपमान हुआ है, बल्कि ग्रामीण इलाकों में रहने वाले करोड़ों लोगों को उनके रोजगार के अधिकार से भी वंचित कर दिया गया है। इससे गांवों में बेरोजगारी और आर्थिक संकट और गहराता जा रहा है।