मंडल कारा लोहरदगा में मासिक जेल अदालत एवं मेडिकल चेकअप कैंप का हुआ आयोजन
By Team Lohardaga live

झालसा के निर्देश पर डालसा ने किया निरीक्षण, बंदियों के स्वास्थ्य व खानपान पर दिया गया जोर
लोहरदगा। झालसा, रांची के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राजकमल मिश्रा के मार्गदर्शन में रविवार को वर्ष का अंतिम मासिक जेल अदालत सह मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन मंडल कारा, लोहरदगा में किया गया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) के सचिव श्री राजेश कुमार, एलएडीसीएस के प्रमुख श्री नसीम अंसारी, भूपेंद्र कुमार, जेलर सुबोध कुमार तथा सदर अस्पताल के डॉ. राजेश कुमार अपनी चिकित्सा टीम के साथ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कारा में निरुद्ध बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
विधिक जानकारी देते हुए डालसा सचिव राजेश कुमार ने कहा कि उत्तम स्वास्थ्य और पौष्टिक भोजन प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है और कारागार में बंद बंदी इससे अपवाद नहीं हैं। उन्होंने जेल प्रशासन को आगाह किया कि बंदियों को जेल मैनुअल 2025 के प्रावधानों के अनुसार निर्धारित भोजन उपलब्ध कराया जाना अनिवार्य है।
डालसा सचिव ने बताया कि झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा राज्य के सभी डालसा सचिवों को निर्देश दिया गया है कि जेलों में उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का मासिक औचक निरीक्षण किया जाए तथा उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। इसी आलोक में उन्होंने जेल प्रशासन को बंदियों के लिए उत्तम खान-पान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम के दौरान बंदियों को डायन-बिसाही जैसी कुरीतियों से दूर रहने की भी अपील की गई। एलएडीसीएस प्रमुख श्री नसीम अंसारी एवं डॉ. राजेश कुमार ने भी बंदियों को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य, स्वच्छता और जागरूकता पर जोर दिया।
