EMRS खेलकूद मीट में पांच जिलों के 400 से अधिक खिलाड़ी जुटे
By Team orangehindi


उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने किया तीन दिवसीय क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिता का उद्घाटन, 11 विद्यालयों के प्रतिभागी ले रहे हिस्सा
लोहरदगा। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS) स्पोर्ट्स एंड गेम्स मीट 2026-27 के तहत तीन दिवसीय क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का बुधवार को कुडू प्रखंड के चिरी स्थित डायट के समीप मैदान में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। आयोजन 30 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। इसकी मेजबानी एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, कुजरा, लोहरदगा कर रहा है।
प्रतियोगिता में लोहरदगा, लातेहार, गुमला, गढ़वा और पलामू जिले के 11 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के 400 से अधिक छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल और अन्य गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। EMRS में विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए पढ़ाई के साथ विभिन्न गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने प्रतिभागियों से टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण प्रतियोगिता में भागीदारी और उससे मिलने वाला अनुभव है। विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों को एक-दूसरे से मिलने, अनुभव साझा करने और नई दोस्ती बनाने का अवसर भी इस आयोजन के माध्यम से मिल रहा है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रतियोगिता में अपना शत-प्रतिशत देने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में दौड़, रिले दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, डिस्कस थ्रो, शॉटपुट, शतरंज, योग, पैदल चाल, ट्रिपल जंप, फुटबॉल, खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल समेत विभिन्न खेल विधाओं में मुकाबले होंगे।
मौके पर उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, परियोजना निदेशक ITDA सुषमा नीलम सोरेंग, जिला कल्याण पदाधिकारी सरस्वती कच्छप, अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी सीमा लकड़ा, मेजबान विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अमृता मिश्रा सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और प्रतिभागी मौजूद थे।