Orange hindi lohardaga live

रक्तदान क्यों आवश्यक है विषय पर एम एल ए महिला कॉलेज में प्रेरणा कार्यक्रम आयोजित

By Team Lohardaga live

General
जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि व छात्राएं

वॉलंटरी ब्लड डोनेशन एसोसिएशन की कार्यशाला में छात्राओं को किया गया जागरूक

लोहरदगा। शहर के एम एल ए महिला कॉलेज में रक्तदान के महत्व को लेकर वॉलंटरी ब्लड डोनेशन एसोसिएशन (वीबीडीए) की ओर से एक प्रेरणा सह जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जमशेदपुर से आए वॉलंटरी ब्लड डोनेशन संगठन के फाउंडर सुनील मुखर्जी, प्रदीप घोषाल एवं कमल घोष ने कॉलेज की छात्राओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करने हेतु मोटिवेशनल स्पीच दी।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके बाद अतिथियों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में वक्ताओं ने रक्तदान की आवश्यकता, इसके सामाजिक महत्व और इससे होने वाले स्वास्थ्य लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। सुनील मुखर्जी और प्रदीप घोषाल ने बताया कि 80 वर्ष की उम्र पार करने के बावजूद वे पूरी तरह स्वस्थ हैं और इसका श्रेय नियमित रक्तदान को देते हैं। उन्होंने बताया कि वे अब तक 90 से अधिक बार रक्तदान कर चुके हैं।

कार्यशाला के दौरान विशेष रूप से महिलाओं में एनीमिया से बचाव, समाज में रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने और अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने जैसे विषयों पर सार्थक संवाद किया गया। छात्राओं ने भी इस दौरान सवाल पूछे और विषय को लेकर जागरूकता दिखाई।

कॉलेज के प्राचार्य स्नेह कुमार ने छात्राओं से अपील की कि वे रक्तदान शिविरों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और समाज सेवा के इस कार्य में सहयोग करें। कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर सतीश साहदेव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन इमरजेंसी केयर के उपाध्यक्ष जय प्रकाश शर्मा ने प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में वीबीडीए के फाउंडर सुनील मुखर्जी, प्रदीप घोषाल, जनरल सेक्रेटरी कमल घोष, प्राचार्य स्नेह कुमार, प्रोफेसर सतीश साहदेव, वीबीडीए जिला अध्यक्ष देशराज गोयल, सचिव सजल कुमार, इमरजेंसी केयर उपाध्यक्ष जय प्रकाश शर्मा, निखिल बर्मन, निखिल कुमार, ब्लड बैंक संचालक उमेश कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में कॉलेज की छात्राएं उपस्थित रहीं।