विकास योजनाओं की सुस्ती पर सांसद सख्त, लंबित काम निपटाने का निर्देश
By Team orangehindi



सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर; आवास योजना में अपात्रों को लाभ देने से बचने की हिदायत, जलजमाव की होगी जांच
लोहरदगा। जिले में विकास योजनाओं की रफ्तार बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने को लेकर सांसद सुखदेव भगत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उनकी अध्यक्षता में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, कृषि और शहरी विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई। सांसद ने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और शिकायतों की जांच कर रिपोर्ट सौंपने को कहा।
बैठक में केरार-बुलबुल पथ, नगड़ा-बाघी पथ पर निर्मित पुल, जीमा-बराटपुर चौक और चिरी-लापुर पथ से जुड़े मामलों पर चर्चा हुई। नदिया-इरगांव-भंडरा सड़क के लिए अधिग्रहित भूमि के रैयतों को लंबित मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने तथा बंडा पुल की गुणवत्ता की जांच कराने का निर्देश दिया गया। जिला अभियंता को कनीय अभियंताओं के बीच योजनाओं का कार्य आवंटित करने को भी कहा गया।
पेयजल योजनाओं पर जताई चिंता
पेशरार, किस्को और भंडरा प्रखंड में हर घर नल योजना के तहत अधूरी संरचनाओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को दिया गया। स्वच्छ भारत मिशन समेत अन्य योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर भी जोर दिया गया। सांसद ने कृषि योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने और किसान गोष्ठियों के माध्यम से किसानों को जागरूक करने का निर्देश दिया।
आवास योजना में पात्रता की होगी जांच
नगर परिषद को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभुकों का चयन सावधानीपूर्वक करने तथा पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों की जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। सफाईकर्मियों के मानदेय भुगतान के मामले में आउटसोर्सिंग एजेंसी ने सितंबर 2026 का भुगतान किए जाने की जानकारी दी। वहीं, मिशन चौक से बक्सीडीपा तक जलजमाव की समस्या की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश नगर परिषद और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को दिया गया।
अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने पर जोर
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान सिविल सर्जन को अस्पतालों में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने और सदर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन के संचालन की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। शिकायत मिलने पर संबंधित अस्पतालों की क्लिनिकल एस्टैब्लिशमेंट एक्ट के तहत जांच करने को भी कहा गया। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के आवेदनों की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को दिया गया।
फुटबॉल प्रशिक्षण को मिल रहा बढ़ावा
बैठक में खेलो इंडिया कार्यक्रम की जानकारी देते हुए जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि ललित नारायण स्टेडियम में फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया गया है। यहां 10 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं को प्रशिक्षण देने के लिए प्रशिक्षक नियुक्त किया गया है।
बैठक में उपायुक्त संदीप कुमार मीना, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त सचिव शहंशाह अली खान, जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।