सांसद सुखदेव भगत एवं सिने स्टार शत्रुघ्न सिन्हा ने बैठक के एजेंडा पर की विस्तृत चर्चा
By Team Lohardaga live

नई दिल्ली। संसद भवन में कोयला, खान एवं इस्पात संबंधी संसदीय स्थायी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक समिति के अध्यक्ष माननीय सांसद श्री अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद माननीय श्री सुखदेव भगत, आसनसोल के सांसद एवं प्रसिद्ध सिने स्टार श्री शत्रुघ्न सिन्हा सहित समिति के कई अन्य सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान कोयला, खनन और इस्पात उद्योग से जुड़े अनेक राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। समिति ने इन क्षेत्रों में विकास की संभावनाओं, पारदर्शिता, पर्यावरण संरक्षण तथा रोजगार सृजन जैसे विषयों पर अपने विचार रखा।
बैठक प्रारंभ होने से पूर्व सांसद श्री सुखदेव भगत एवं सांसद श्री शत्रुघ्न सिन्हा ने आपस में बैठक के एजेंडा पर विचार-विमर्श किया और चर्चा किए जाने वाले प्रमुख बिंदुओं पर अपनी राय साझा की। दोनों नेताओं ने इस बात पर बल दिया कि देश के खनन क्षेत्र में सतत् विकास सुनिश्चित करने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकारों के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है।
बैठक के अंत में अध्यक्ष श्री अनुराग ठाकुर ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति के सुझाव भविष्य की नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।
