सांस्कृतिक कार्यक्रम में साथ दिखे सांसद सुखदेव भगत और पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू
By Team Lohardaga live

कांग्रेस संगठन की मजबूती और क्षेत्रीय विकास के मुद्दों पर हुई चर्चा
लोहरदगा। क्षेत्र में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत और पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू की आत्मीय मुलाकात हुई। दोनों वरिष्ठ नेता एक साथ कार्यक्रम में शामिल हुए और सांस्कृतिक आयोजन की सराहना करते हुए क्षेत्र के विभिन्न समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श किया।
मुलाकात के दौरान कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने के साथ-साथ लोहरदगा संसदीय क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने संगठन की सक्रियता बढ़ाने और जनता के बीच लगातार संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया।
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसकी जनसरोकारों से जुड़ी विचारधारा और कार्यकर्ताओं का समर्पण है। उन्होंने कहा कि संगठन को गांव और बूथ स्तर तक सशक्त बनाते हुए युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई जाएगी। साथ ही सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किए जाएंगे।
पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि झारखंड अपनी समृद्ध आदिवासी संस्कृति, लोक कला और ऐतिहासिक विरासत के लिए पूरे देश में विशेष पहचान रखता है। उन्होंने क्षेत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, युवाओं के कौशल विकास और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और संगठन की मजबूती के लिए उनका सहयोग हमेशा जारी रहेगा।
दोनों नेताओं की इस मुलाकात को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सकारात्मक बताया। कार्यकर्ताओं का मानना है कि वरिष्ठ नेताओं के बीच बेहतर समन्वय से संगठन को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र के विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।
