Orange hindi lohardaga live

सांसद सुखदेव भगत और विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कराया लाभुकों का गृह प्रवेश

By Teem Lohardaga live

Administrative
कार्यक्रम का उद्घटन करते सांसद, विधायक, डीसी व अन्य

वर्ष 2016 से अब तक 38,430 लोगों को मिला आवास योजना का लाभ – उपायुक्त

लोहरदगा। जिले के कुडू प्रखंड अंतर्गत कुडू पंचायत के नवाटोली गांव में बुधवार को एक भव्य कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और अबुआ आवास योजना के लाभुकों का सामूहिक गृह प्रवेश समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत, विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव और उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने संयुक्त रूप से गृह प्रवेश कराकर लाभुकों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर अबुआ आवास योजना की लाभुक अनिता उरांव, प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभुक रामी उरांव और मंगला उरांव का सांकेतिक रूप से गृह प्रवेश कराया गया। जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 127, अबुआ आवास योजना के 892, पीएम जनमन योजना के 21 तथा बाबा साहब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के 5 लाभुकों को मिलाकर कुल 1045 लाभुकों का गृह प्रवेश संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम झारखंड राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। जिले के 323 स्थानों पर ग्राम संकल्प सभा का भी आयोजन हुआ।

मंईया सम्मान की राशि का करें सही उपयोग : सांसद सुखदेव भगत

कार्यक्रम में सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि गांवों में सामाजिक समरसता बनाए रखें और डायन प्रथा जैसी कुरीतियों को जड़ से मिटाएं। मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना के तहत महिलाओं को जो आर्थिक सहायता दी जा रही है, उसका उपयोग बच्चों की पढ़ाई और स्वरोजगार बढ़ाने में करें। उन्होंने कहा कि नशा से दूर रहें, स्वच्छता का पालन करें और खुले में शौच बिल्कुल न करें।

सांसद ने कहा कि पहले ऐसी कोई व्यवस्था नहीं थी कि सरकार घर बनाने के लिए आर्थिक सहायता दे, लेकिन अब सरकार यह सुविधा दे रही है। इसलिए घरों की साफ-सफाई और देखभाल स्वयं करें ताकि योजनाओं का लाभ लंबे समय तक मिल सके।

लाभुक अपने घरों की स्वयं करें देखभाल : विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव

विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि आवास योजना मनुष्य की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति करती है। अब जब सरकार ने घर उपलब्ध कराया है, तो उसकी देखभाल और साफ-सफाई की जिम्मेदारी भी लाभुकों की है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर मरम्मत कार्य भी स्वयं करवाएं।

विधायक ने बताया कि सरकार व्यक्ति के जीवन के हर चरण में किसी न किसी योजना से लाभान्वित करती है — आंगनवाड़ी केंद्रों से पोषक आहार, जनवितरण प्रणाली से खाद्यान्न, छात्रों के लिए छात्रवृत्ति और साइकिल योजना, छात्राओं के लिए सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, विवाह के लिए कन्यादान योजना, मातृत्व के लिए प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, बीमारों के लिए स्वास्थ्य योजनाएं और स्वरोजगार के लिए मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना जैसे अनेक प्रयास सरकार द्वारा किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना से और बुजुर्गों को सर्वजन पेंशन योजना से लाभ मिल रहा है। राज्य सरकार सभी वर्गों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

अब तक 38,430 लाभुकों को मिला आवास योजना का लाभ : उपायुक्त डॉ. ताराचंद

उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने बताया कि वर्ष 2016 से अब तक लोहरदगा जिले में 38,430 लाभुकों को विभिन्न आवास योजनाओं से घर उपलब्ध कराए जा चुके हैं। जिनके पास अभी तक पक्का मकान नहीं है, उनका सर्वे कर उन्हें भी लाभान्वित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस दौरान राज्य ने अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं, और हमें सभी को मिलकर इसे और आगे बढ़ाना है।

डॉ. ताराचंद ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना के अंतर्गत प्रत्येक महिला लाभुक को 2500 रुपये प्रति माह दिए जा रहे हैं। इस राशि का उपयोग महिलाएं अपने बच्चों की शिक्षा, परिवार के व्यवसाय और आत्मनिर्भरता के लिए करें।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, कुडू अंचल अधिकारी संतोष उरांव, सांसद के निजी सचिव आलोक साहू, विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, जिला परिषद सदस्य गंगोत्री देवी, मुखिया सुषमा देवी और प्रधानमंत्री आवास योजना के जिला समन्वयक के.के. गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।