जेपीएससी-जेएसएससी विवाद पर सांसद सुखदेव भगत का भाजपा पर हमला, बोले- छात्रों के भविष्य पर राजनीति बंद हो
By Team orange hindi

कहा- पेपर लीक नहीं, ओएमआर शीट से जुड़ी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई; सरकार ने तत्काल लिया संज्ञान
नई दिल्ली/लोहरदगा। जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं को लेकर चल रहे विवाद के बीच लोहरदगा के कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार किया है। सांसद ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े संवेदनशील मुद्दे पर तथ्यों की पूरी जानकारी के बिना आरोप लगाना उचित नहीं है। उन्होंने भाजपा पर मामले को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाते हुए छात्रों के भविष्य पर राजनीति नहीं करने की अपील की।
सांसद सुखदेव भगत ने अपने बयान में दावा किया कि संबंधित परीक्षा में पेपर लीक नहीं हुआ था, बल्कि ओएमआर शीट से जुड़ी कुछ तकनीकी त्रुटियां सामने आई थीं। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा इसे पेपर लीक का मामला बताकर छात्रों के बीच भ्रम पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तत्काल संज्ञान लिया। सांसद के अनुसार, आयोग के अध्यक्ष ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दिया और मामले की जांच सीआईडी को सौंपी गई। उन्होंने दावा किया कि मामले में अब तक 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।
छात्र प्रतिनिधिमंडल से संवाद की मांग
सांसद ने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से छात्र प्रतिनिधिमंडल के साथ सीधे बातचीत कर उनकी चिंताओं को समझने और समाधान निकालने का आग्रह किया।
सुखदेव भगत ने परीक्षा एवं भर्ती प्रक्रिया में व्यापक सुधार की जरूरत बताते हुए कहा कि विशेषज्ञों की मदद से ऐसी व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक गड़बड़ी की संभावना कम हो।
पारदर्शी और विश्वसनीय परीक्षा व्यवस्था पर जोर
कांग्रेस सांसद ने कहा कि छात्रों का भविष्य सर्वोपरि है। परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी, जवाबदेह और विश्वसनीय होनी चाहिए, ताकि युवाओं का आयोग और भर्ती प्रक्रिया पर विश्वास कायम रहे।
उन्होंने भाजपा से भी अपील की कि छात्रों से जुड़े इस मुद्दे को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित रखने के बजाय सकारात्मक भूमिका निभाए और युवाओं के हित में समाधान की दिशा में सहयोग करे।