Orange hindi lohardaga live

संसद की याचिका समिति की बैठक में शामिल हुए सांसद सुखदेव भगत

By Team Lohardaga live

political
लोकसभा की याचिका समिति की बैठक में शामिल सांसद सुखदेव भगत

दार्जिलिंग में जनहित याचिकाओं, एमएसएमई क्षेत्र की समस्याओं और बैंकिंग सुविधाओं पर हुई विस्तृत समीक्षा

लोहरदगा। लोकसभा की याचिका समिति की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग स्थित होटल माय फेयर में समिति के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश जोशी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में समिति के सदस्यों, विभिन्न वित्तीय संस्थानों एवं बैंकों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत भी शामिल हुए।

बैठक में जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों, नागरिकों की शिकायतों, महत्वपूर्ण विधेयकों तथा याचिकाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि संसद की याचिका समिति आम नागरिकों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों, अभ्यावेदनों और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जांच कर अपनी अनुशंसाओं सहित रिपोर्ट संसद को सौंपती है। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य याचिकाकर्ताओं की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना तथा जनहित के मुद्दों को उचित मंच प्रदान करना है।

बैठक के दौरान सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र के लिए संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। समिति ने पाया कि कई मामलों में योजनाओं का लाभ अपेक्षित रूप से लाभार्थियों तक नहीं पहुंच पा रहा है। साथ ही छोटे एवं मध्यम उद्यमियों को बैंक ऋण एवं अन्य वित्तीय सहायता प्राप्त करने में आने वाली कठिनाइयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

समिति ने निर्णय लिया कि संबंधित मामलों की जांच आगे भी जारी रखी जाएगी तथा याचिकाकर्ताओं द्वारा उठाई गई समस्याओं और सुझावों को संसद एवं सरकार के सर्वोच्च स्तर तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।

बैठक में जनहित से जुड़े विषयों पर प्रभावी क्रियान्वयन, वित्तीय संस्थानों की जवाबदेही तथा उद्यमियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया।