Orange hindi lohardaga live

नौर पंप संस्था को सांसद सुखदेव भगत ने दी अत्याधुनिक एंबुलेंस

By Team Lohardaga live

political
संस्था को एंबुलेंस की चाभी प्रदान करते सांसद

समाज के सभी वर्गों को मिलेगा लाभ, आवासीय विद्यालय को साइलेंट जनरेटर देने की घोषणा

लोहरदगा। किस्को प्रखंड के मेरले (बोंगा) गांव स्थित बुधू वीर लुरकुडिया आवासीय विद्यालय परिसर में आयोजित एक सादे समारोह में लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत ने नौर पंप संस्था को एक अत्याधुनिक एंबुलेंस प्रदान की। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर सांसद का पारंपरिक रीति-रिवाज से स्वागत किया गया।

समारोह की शुरुआत सांसद एवं अन्य अतिथियों के माल्यार्पण से हुई। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि कार्य तो सभी करते हैं, लेकिन सुदूरवर्ती क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाना और बच्चों को शिक्षित करना पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि इस आवासीय विद्यालय में आदिवासी बच्चों को उनकी मातृभाषा में शिक्षा देने पर विशेष ध्यान दिया जाता है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी भाषा और संस्कृति से जुड़ी रहें।

सांसद ने कहा कि एंबुलेंस उपलब्ध कराए जाने से विद्यालय के बच्चों के साथ-साथ आसपास के गांवों के लोगों को भी स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिलेगा। क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने विद्यालय को एक साइलेंट जनरेटर देने की भी घोषणा की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व वाली झारखंड सरकार द्वारा राज्य में पेसा कानून लागू किया गया है, जिससे अनुसूचित क्षेत्रों के आदिवासियों को काफी लाभ होगा। कुछ लोग पेसा कानून को लेकर भ्रम फैला रहे हैं, ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है। जल्द ही क्षेत्र में एक कार्यशाला आयोजित कर पेसा कानून की सही जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

आवासीय विद्यालय के अध्यक्ष संजीव भगत ने एंबुलेंस देने के लिए सांसद के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने बताया कि गढ़कसमार पड़हा, हिसरी पड़हा और सेन्हा पड़हा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांवों के लोग इस एंबुलेंस सेवा का लाभ उठा सकेंगे।

मौके पर गढ़कसमार राजा मनीष उरांव, कोटवार मशुदिन उरांव, कोटवार लक्ष्मण उरांव, 12 पड़हा सेन्हा के गंगा उरांव, 12 पड़हा हिसरी के दीवान मंगलेश्वर उरांव, लोकेश उरांव, शिवशंकर टाना भगत, बालेश्वर उरांव, अनमोल उरांव, रामजीत उरांव, आलोक कुमार साहू, साजिद अहमद, फूलदेव उरांव, सोनू कुरैशी, माजिद चौधरी, कुलेश्वर उरांव, गुलाम जिलानी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।