गणतंत्र दिवस पर लोहरदगा में सांसद सुखदेव भगत ने किया झंडोत्तोलन
By Team Lohardaga live

संविधान के मूल्यों को अपनाने का दिया संदेश, बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना
लोहरदगा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने लुथरन हाई स्कूल, महिला महाविद्यालय लोहरदगा सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में झंडोत्तोलन किया। बतौर मुख्य अतिथि सांसद सुखदेव भगत जिले में आयोजित कई गणतंत्र दिवस कार्यक्रमों में शामिल हुए।
इस दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों को भारतीय संविधान के महत्व और उसके मूल मूल्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में बच्चों ने देशभक्ति गीतों और भाषणों की प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
सांसद सुखदेव भगत ने बच्चों की प्रस्तुतियों और उनके विचारों की प्रशंसा करते हुए देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में निहित मूल्यों को अपनाते हुए सभी नागरिकों को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए, ताकि देश के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति अपना योगदान दे सके।
उन्होंने कहा कि संविधान देश की आत्मा है और इसका सम्मान व संरक्षण करना हम सभी का दायित्व है।



