लाल किला रामलीला के लिए सांसद सुखदेव भगत को आमंत्रण, शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित
By Team orangehindi

1923 से आयोजित हो रहा है ऐतिहासिक दशहरा उत्सव, पिछले वर्ष मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे सांसद
लोहरदगा। लोहरदगा के सांसद एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक लाल किला दशहरा उत्सव एवं रामलीला मंचन के लिए आमंत्रित किया गया है। मंगलवार को श्री धार्मिक लीला समिति, लाल किला के पदाधिकारियों ने दिल्ली स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें आमंत्रण दिया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने सांसद को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि लाल किला परिसर में आयोजित होने वाला यह दशहरा उत्सव और रामलीला मंचन वर्ष 1923 से लगातार होता आ रहा है। एक सदी से अधिक पुरानी यह परंपरा भारतीय संस्कृति और धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
आमंत्रण मिलने पर सांसद सुखदेव भगत ने समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों पर आधारित रामलीला देश की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे पवित्र और ऐतिहासिक आयोजन से जुड़ना सौभाग्य की बात है।
उल्लेखनीय है कि सांसद सुखदेव भगत पिछले वर्ष भी लाल किला रामलीला मंचन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। इस वर्ष समिति की ओर से उन्हें पुनः आमंत्रित किया गया है।