Orange hindi lohardaga live

किसानों के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर बरसे सांसद सुखदेव भगत

By Team Lohardaga live

political
A

व्यापार समझौते, किसान नीति और राम मंदिर चंदा मामले को लेकर सरकार पर साधा निशाना

नई दिल्ली/लोहरदगा। लोहरदगा के कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने पंजाब के किसानों के विरोध प्रदर्शन के मुद्दे पर केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार की नीतियां किसान हितों के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार किसानों और अन्य वर्गों के हितों की अनदेखी कर रही है।

सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि कृषि कानूनों के विरोध के दौरान किसानों ने लंबे समय तक आंदोलन किया और कई किसानों ने अपनी जान भी गंवाई। अंततः सरकार को कानून वापस लेने पड़े। उन्होंने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और हाल के व्यापार समझौतों तथा शुल्क संबंधी नीतियों का असर किसानों के हितों पर पड़ रहा है।

उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार समाज के विभिन्न वर्गों के प्रति संवेदनशील रवैया नहीं अपना रही है। साथ ही आरोप लगाया कि सत्ता में बने रहने के लिए विभिन्न राज्यों में जनादेश के विपरीत राजनीतिक प्रयास किए जा रहे हैं।

राम मंदिर चंदा मामले का उल्लेख करते हुए सांसद ने कहा कि इस मामले में सरकार को अपनी जिम्मेदारी स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला लोगों की धार्मिक आस्था से जुड़ा है और इस पर सरकार की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।