Orange hindi lohardaga live

संसद में छात्रों की आत्महत्या और शिक्षा व्यवस्था पर केंद्र सरकार पर बरसे सांसद सुखदेव भगत

By Team Lohardaga live

political
संसद में छात्रों की आत्महत्या और शिक्षा व्यवस्था पर केंद्र सरकार पर बरसे सांसद सुखदेव भगत

राहुल गांधी के समर्थन में बोले- "गंभीर मुद्दों पर जवाब देने के बजाय सरकार ध्यान भटका रही", महिलाओं के सम्मान और शिक्षा व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

नई दिल्ली/लोहरदगा। कांग्रेस के लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत ने संसद में शिक्षा व्यवस्था, छात्रों की आत्महत्या और महिलाओं के सम्मान से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार की कार्यशैली पर तीखा सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए, लेकिन सरकार उन पर जवाब देने के बजाय बहस का विषय बदलने का प्रयास कर रही है।

सांसद सुखदेव भगत ने संसद में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के समर्थन में लगे नारों का उल्लेख करते हुए कहा कि जब देश में छात्रों की आत्महत्या जैसे गंभीर मुद्दे सामने आए हैं, तब सरकार को संवेदनशीलता और जवाबदेही का परिचय देना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे समय में सत्ता पक्ष का रवैया क्या संदेश देता है और क्या इस तरह के व्यवहार को उचित ठहराया जा सकता है।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी की बलात्कार पीड़िता से संबंधित कथित टिप्पणी की भी आलोचना करते हुए कहा कि ऐसे बयान समाज के प्रति असंवेदनशील सोच और संकीर्ण मानसिकता को दर्शाते हैं। उनके अनुसार जिन परिस्थितियों में आत्ममंथन और जिम्मेदारी तय किए जाने की आवश्यकता है, वहां इस प्रकार की टिप्पणियां दुर्भाग्यपूर्ण हैं।

सांसद भगत ने कहा कि देश के छात्र, युवा और महिलाएं शिक्षा व्यवस्था, सुरक्षा और सम्मान जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार से ठोस कार्रवाई की अपेक्षा रखते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन विषयों पर सार्थक जवाब देने के बजाय राजनीतिक बहस में उलझी हुई है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने संसद में छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को गंभीरता के साथ उठाया है। सरकार को इन सवालों का राजनीतिक जवाब देने के बजाय शिक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्रों की सुरक्षा और महिलाओं के सम्मान को लेकर ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

और पढ़ें