संसद के मानसून सत्र में शामिल होने दिल्ली रवाना हुए सांसद सुखदेव भगत
By Team Lohardaga live

कहा- नीट पेपर लीक, रामजन्मभूमि चंदा चोरी, इथेनॉल नीति, सोनम वांगचुक, भ्रष्टाचार और महंगाई जैसे मुद्दे उठाएगी कांग्रेस
लोहरदगा। लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत संसद के मानसून सत्र में भाग लेने के लिए शनिवार को नई दिल्ली रवाना हुए। 20 जुलाई से शुरू हो रहे लोकसभा सत्र को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस बार जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को सदन में प्रमुखता से उठाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी।
दिल्ली रवाना होने से पहले सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि कांग्रेस इस सत्र में नीट पेपर लीक, रामजन्मभूमि चंदा चोरी, इथेनॉल नीति, सोनम वांगचुक से जुड़े मुद्दों, भ्रष्टाचार और बढ़ती महंगाई जैसे विषयों पर सरकार को घेरने का काम करेगी।
उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक जैसे मामलों ने देश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। ऐसे मामलों पर सरकार को सदन में जवाब देना होगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।
सांसद ने कहा कि राष्ट्रीय मुद्दों के साथ-साथ लोहरदगा संसदीय क्षेत्र की समस्याओं को भी वे प्रमुखता से सदन में उठाएंगे। उन्होंने कहा कि आदिवासी अधिकार, रोजगार, शिक्षा, विकास और क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विषय उनकी प्राथमिकता में शामिल हैं।
सुखदेव भगत ने कहा कि वे लोकसभा में लोहरदगा की जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाने और क्षेत्र के हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनी बात रखेंगे।
