चटकपुर में मैच छोड़ जर्जर सड़क देखने पहुंचे सांसद सुखदेव भगत
By Team orangehindi

ग्रामीणों की शिकायत पर तत्काल लिया संज्ञान, बीडीओ को दिए आवश्यक निर्देश
लोहरदगा। कुड़ू प्रखंड के चटकपुर में महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन समारोह के दौरान सांसद सुखदेव भगत ने ग्रामीणों की सड़क संबंधी समस्या को प्राथमिकता देते हुए मौके पर ही उसका निरीक्षण किया। फाइनल मैच के दौरान ग्रामीणों ने सांसद को गांव की जर्जर सड़क की स्थिति से अवगत कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ के कारण आवागमन में परेशानी होती है। विशेषकर बरसात के दिनों में स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। समस्या की गंभीरता को देखते हुए सांसद भगत फाइनल मैच को बीच में छोड़कर ग्रामीणों के साथ सड़क का निरीक्षण करने पहुंच गए।
मौके पर मौजूद कुड़ू के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी को उन्होंने सड़क की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि फुटबॉल टूर्नामेंट अपनी जगह है, लेकिन जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान प्राथमिकता में है। ग्रामीणों की परेशानी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
सड़क का निरीक्षण करने के बाद सांसद वापस कार्यक्रम स्थल पहुंचे और टूर्नामेंट की विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया।
सांसद के इस कदम की ग्रामीणों ने सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क की समस्या को लेकर सांसद द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति देखना उनके लिए महत्वपूर्ण रहा।