Orange hindi lohardaga live

बिशुनपुर की बेटी अष्टम उरांव से सांसद सुखदेव भगत की मुलाकात, महिला फुटबॉल को बढ़ावा देने पर हुई चर्चा

By Team orange hindi

Sport
बिशुनपुर की बेटी अष्टम उरांव से सांसद सुखदेव भगत की मुलाकात, महिला फुटबॉल को बढ़ावा देने पर हुई चर्चा

भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम की सदस्य अष्टम ने साझा की खिलाड़ियों की चुनौतियां, सांसद ने हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा

बिशुनपुर/लोहरदगा। फुटबॉल के क्षेत्र में बिशुनपुर और गुमला का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाली भारतीय महिला फुटबॉल खिलाड़ी अष्टम उरांव ने एक खेल कार्यक्रम के दौरान लोहरदगा लोकसभा के सांसद सुखदेव भगत से औपचारिक मुलाकात की। अष्टम उरांव बिशुनपुर प्रखंड की रहने वाली हैं और अपनी प्रतिभा, मेहनत एवं संघर्ष के दम पर भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम में स्थान बना चुकी हैं। इससे पहले वे भारतीय अंडर-17 महिला टीम की कप्तानी भी कर चुकी हैं।

मुलाकात के दौरान सांसद सुखदेव भगत ने अष्टम उरांव की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके खेल सफर और अनुभवों की जानकारी ली। दोनों के बीच झारखंड में महिला फुटबॉल को और मजबूत बनाने, ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देने तथा महिला खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण, खेल मैदान और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

इस दौरान अष्टम उरांव ने झारखंड की महिला फुटबॉल खिलाड़ियों के सामने आने वाली विभिन्न चुनौतियों से सांसद को अवगत कराया। उन्होंने बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था, आधुनिक सुविधाओं, नियमित प्रतियोगिताओं, खेल मैदान और खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहन दिए जाने की आवश्यकता पर भी बात रखी।

“अष्टम जैसी बेटियां झारखंड की शान हैं”: सांसद

सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि अष्टम उरांव जैसी बेटियां पूरे लोहरदगा संसदीय क्षेत्र और झारखंड की शान हैं। बिशुनपुर जैसे सुदूर क्षेत्र से निकलकर भारतीय महिला फुटबॉल टीम तक पहुंचना उनके हौसले, प्रतिभा और कठोर परिश्रम का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती में फुटबॉल की अपार संभावनाएं हैं। ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं, जिन्हें यदि उचित प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर मिलें तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।

सांसद ने कहा कि “झारखंड की महिला फुटबॉल को आगे बढ़ाने और हमारी बेटियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए मैं हरसंभव सहायता के लिए तैयार हूं।”

उन्होंने हाल ही में गुमला की बेटियों द्वारा अंडर-17 सुब्रतो कप में चैंपियन बनने की उपलब्धि का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यह झारखंड में महिला फुटबॉल की मजबूत संभावनाओं को दर्शाता है।

सांसद ने अष्टम उरांव को उनके आगामी खेल सफर के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे आगे भी खिलाड़ियों के साथ खड़े रहेंगे और क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

अष्टम उरांव की उपलब्धि से बिशुनपुर, गुमला और पूरे झारखंड के खेलप्रेमियों में गर्व का माहौल है। मुलाकात के दौरान इस बात पर भी जोर दिया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को खेल के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाए।

और पढ़ें