Orange hindi lohardaga live

सिमडेगा सड़क हादसे के मृतकों के परिजनों से मिले सांसद सुखदेव भगत

By Team Lohardaga live

social
A

शोकाकुल परिवारों को बंधाया ढांढस, हरसंभव सहयोग का दिया आश्वासन

लोहरदगा। सिमडेगा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले लोहरदगा के राहत नगर निवासी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए सांसद सुखदेव भगत शुक्रवार को मृतकों के आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

जानकारी के अनुसार राहत नगर निवासी गुलाम मुस्तफा अपनी पुत्री एवं नातियों को उनके ससुराल सिमडेगा जिले के लसिया गांव छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान अधरमा के समीप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में गुलाम मुस्तफा, उनकी पत्नी समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।

दिल्ली से लौटने के बाद सांसद सुखदेव भगत सीधे मृतक गुलाम मुस्तफा के आवास पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में वे पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ हैं। सांसद ने घायलों के बेहतर इलाज तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता राशि दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।

इसके बाद सांसद सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने ओयना के समीप हुए एक अन्य सड़क हादसे में मृत कुरैशी मोहल्ला निवासी वासूक कुरैशी के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान स्थानीय लोगों ने सदर अस्पताल में चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति नहीं होने की शिकायत सांसद के समक्ष रखी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने अस्पताल उपाधीक्षक को आवश्यक निर्देश देते हुए चिकित्सकों की नियमित एवं समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।

सांसद ने लोहरदगा ब्लॉक के पीछे निवासी कमल सिंह थापा के निधन पर भी उनके आवास पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार को धैर्य बनाए रखने की बात कही। बताया गया कि कमल सिंह थापा पिछले कुछ वर्षों से अस्वस्थ चल रहे थे।

मौके पर रऊफ अंसारी, शाहिद अहमद बेलू, आलोक कुमार साहू, साजिद अहमद चंगू, अनिल कुमार, नेसार अहमद, सोनू कुरैशी, राजू कुरैशी, मोहम्मद जिलानी, मनोज सोन तिर्की, गुलाम मुर्तुजा, मोइन अंसारी, सफीजुल अंसारी, मुमताज अंसारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।