Orange hindi lohardaga live

सांसद सुखदेव भगत चाय के चौपाल पर जनता से हुए रूबरू

By Teem Lohardaga live

political
चाय की चौपाल में शामिल सांसद व अन्य

ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, मौके पर ही समाधान का दिया निर्देश

लोहरदगा। लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत बुधवार को समाहरणालय परिसर के समीप आयोजित चाय के चौपाल में शामिल हुए, जहां उन्होंने चाय की चुस्कियों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं सांसद के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

चाय के चौपाल के माध्यम से सांसद ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम जनता से जुड़ाव का एक सशक्त माध्यम हैं, जिससे क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं की जानकारी मिलती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की बुनियादी जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

मौके पर उपस्थित ग्रामीणों ने लोहरदगा में भव्य रूप से आयोजित लोहरदगा प्रीमियर लीग (एलपीएल) के सफल आयोजन के लिए सांसद सुखदेव भगत को बधाई दी। सांसद ने कहा कि लोहरदगा में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से इस तरह का आयोजन पहली बार किया गया, जिसमें अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ स्थानीय खिलाड़ियों को खेलने और सीखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष इससे भी बड़े और भव्य स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

सांसद ने यह भी घोषणा की कि नदिया हिंदू हाई स्कूल के मिनी स्टेडियम का कायाकल्प किया जाएगा, जिसमें पवेलियन, चेंजिंग रूम, लाइट्स और शेड का निर्माण कराया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि लोहरदगा जिले के सर्वांगीण विकास के लिए वे प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर निरंतर प्रयासरत हैं।

चाय चौपाल के इस संवाद कार्यक्रम में आलोक कुमार साहू, शाहिद अहमद बेलू, राजू कुरैशी, अमृता कुजूर, कुददूस अंसारी, खुदिया अंसारी, रामदेव उरांव, सुनीता उरांव, सेराज अंसारी, गुड्डस प्रसाद, करमा उरांव, मोहन उरांव, बिंदेश्वर उरांव सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।