Orange hindi lohardaga live

सांसद सुखदेव भगत ने केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम से की मुलाकात

By Team Lohardaga live

political
मंत्री को अंग वस्त्र देकर सम्मानित करते सांसद

आदिवासियों के सामाजिक-आर्थिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक संरक्षण पर हुई विस्तृत चर्चा

नई दिल्ली/लोहरदगा। लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने नई दिल्ली में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने अपने संसदीय क्षेत्र में निवास कर रहे आदिवासी समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंत्री से विस्तृत विचार-विमर्श किया।

बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, कौशल विकास और आदिवासी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण जैसे विषयों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। सांसद सुखदेव भगत ने मंत्री को सरना पट्टा एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

सांसद ने कहा कि लोहरदगा संसदीय क्षेत्र में आदिवासी उप-योजना (टीएसपी) के अंतर्गत राशि तो आती है, लेकिन उसका समुचित लाभ आदिवासी समाज तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए आदिवासी छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास की व्यवस्था, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों की स्थापना एवं विस्तार की मांग की।

उन्होंने यह भी कहा कि मैट्रिक पूर्व एवं मैट्रिक पश्चात छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ समय पर विद्यार्थियों को मिलना चाहिए, ताकि जनजातीय छात्र उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकें। साथ ही, आदिवासियों के उत्थान के लिए स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने, प्रधानमंत्री जनजातीय विकास मिशन के तहत कौशल विकास, आय सृजन एवं लघु उद्योगों को बढ़ावा देने पर बल दिया।

वन अधिकार कानून के प्रभावी क्रियान्वयन, सुपोषण भारत अभियान के माध्यम से जनजातीय समुदाय के स्वास्थ्य में सुधार तथा आदिम जनजाति समूहों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कृषि विकास पर विशेष ध्यान देने की भी मांग सांसद ने रखी। इसके अलावा आदिवासी संस्कृति के संरक्षण और समुदाय को सशक्त बनाने हेतु ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर भी उन्होंने जोर दिया।

केंद्रीय मंत्री श्री जुएल ओराम ने सांसद सुखदेव भगत को जनजातीय समुदाय के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और इन योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का आश्वासन दिया।