श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद पर बोले सांसद सुखदेव भगत, "धार्मिक मुद्दों से असली सवालों से ध्यान भटकाया जा रहा"
By Team Lohardaga live

नीट, महंगाई, बेरोजगारी और इथेनॉल नीति जैसे मुद्दों को संसद में प्राथमिकता देने की मांग
लोहरदगा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद विवाद को लेकर कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धार्मिक मुद्दों को आगे बढ़ाकर जनता के मूलभूत सवालों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि भाजपा सरकार ऐसे विषयों को प्राथमिकता देती है, जिनसे समाज में ध्रुवीकरण की स्थिति पैदा हो और राजनीतिक लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि देश के सामने नीट परीक्षा से जुड़े विवाद, महंगाई, बेरोजगारी, उपभोक्ताओं की समस्याएं और इथेनॉल नीति जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं, जिन पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
सुखदेव भगत ने कहा, "क्या भगवान को भी मुक्ति की आवश्यकता है? यह अहंकार वाली बात प्रतीत होती है। जिनकी कृपा से हमारा अस्तित्व है, उन्हें हम मुक्त करें, यह हास्यास्पद लगता है।"
उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं से जुड़े विषयों का राजनीतिक उद्देश्य से उपयोग देशहित में नहीं है। सरकार को जनता के जीवन से जुड़े मुद्दों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करना चाहिए।
सांसद ने कहा कि संसद के आगामी सत्र में कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी, नीट परीक्षा से जुड़े विवाद तथा अन्य जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी और सरकार से जवाबदेही की मांग करेगी।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद को लेकर विभिन्न संगठनों की ओर से उठाई जा रही मांगों के बीच सांसद सुखदेव भगत का यह बयान राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।
