सड़क हादसे में घायल युवकों की मदद को रुके सांसद सुखदेव भगत, अस्पताल पहुंचाकर कराया इलाज
By Team Lohardaga live

तुको गांव के समीप हुई दुर्घटना, एक रिम्स रेफर; सांसद ने सीएचसी पहुंचकर जाना हालचाल, दी आर्थिक सहायता
लोहरदगा। लोहरदगा-भंडरा-बेड़ो मुख्य मार्ग पर तुको गांव के समीप बुधवार को हुए सड़क हादसे में तीन युवक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन समय पर मिली मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सका।
जानकारी के अनुसार लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत बेड़ो जतरा कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क दुर्घटना में घायल युवकों पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सांसद ने तुरंत अपना वाहन रुकवाया और घायलों की सहायता के लिए आगे आए।
सांसद ने स्थानीय ग्रामीणों और अपने सुरक्षा कर्मियों के सहयोग से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भंडरा पहुंचाने की व्यवस्था कराई, जिससे उन्हें समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सकी।
घायलों की पहचान पाखर डूमर टोला निवासी रवि नगेसिया, जोसन नगेसिया और उमेश नगेसिया के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों में से एक युवक की स्थिति गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद सांसद सुखदेव भगत स्वयं सीएचसी भंडरा पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली तथा बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इस दौरान सांसद ने घायलों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार दो घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मौके पर सांसद के साथ आलोक कुमार साहू, शाहिद अहमद वेलू, वीरेंद्र यादव और अमित मिंज भी मौजूद थे।
